अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का 25वां दिन हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि ईरान से बातचीत जारी है और पांच दिनों तक अमेरिका कोई हमला नहीं करेगा। इस बीच खबर आई है कि अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता कराने वाले मुल्कों में पाकिस्तान भी शामिल है। भारत में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इसे पीएम मोदी की विफलता करार दिया है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि इस स्थिति के लिए ‘‘स्वयंभू विश्वगुरु’’ जिम्मेदार हैं। जयराम रमेश ने कहा कि युद्ध से ठीक पहले प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल की यात्रा की, जिसके कारण भारत मध्यस्थता की स्थिति से उपेक्षित हो गया, जबकि भारत को यह भूमिका निभानी चाहिए थी।

कांग्रेस समाचार विभाग के प्रमुख ने रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों की खबरों में कहा गया है कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बातचीत से जुड़े मध्यस्थों में पाकिस्तान शामिल है। यदि ये खबरें सच हैं, तो ये भारत के लिए एक बड़ा आघात है और इसके लिए स्वयंभू विश्वगुरु जिम्मेदार हैं।'

उन्होंने कहा, ‘एक वर्ष से अधिक समय में यह पूरी तरह से स्पष्ट हो गया है कि ऑपरेशन सिन्दूर में हमारी निस्संदेह सैन्य सफलताओं के बावजूद, दुखद वास्तविकता यह है कि उसके बाद पाकिस्तान की कूटनीतिक भागीदारी और विमर्श प्रबंधन मोदी सरकार की तुलना में काफी बेहतर रहा है। उस पाकिस्तान को नया जीवनदान मिल गया जो राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और विश्व स्तर पर बेहद ख़तरनाक स्थिति में था।'

रमेश ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने उस व्यक्ति (आसिम मुनीर) को गर्मजोशी से और बार-बार गले लगाया, जिसकी भड़काऊ बयानबाजी ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकवादी हमलों की पृष्ठभूमि बनाई तथा व्हाइट हाउस में उसकी दो बार मेजबानी की।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की बिना सोची समझी इज़राइल यात्रा हमारे राजनीतिक इतिहास में एक विनाशकारी घटनाक्रम के रूप में दर्ज की जाएगी, जिसने हमें उस स्थिति से पीछे हटने पर मजबूर कर दिया है जहां हम मध्यस्थता कर सकते थे और करना चाहिए था। 

कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की गले मिलने वाली कूटनीति पूरी तरह उजागर हो गई है। देश को इसकी कीमत चुकाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। बता दें कि पाकिस्तान अखबार डॉन ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बातचीत की।