नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। भारतीय सेना के पराक्रम के आगे पाकिस्तान को लगातार मुंह की खानी पड़ रही है। भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने बीती रात भी पाकिस्तान की ओर से किए गए अधिकांश हमलों को नाकाम कर दिया। वहीं, भारत की ओर से हुए जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी पोस्ट और लॉन्च पैड तबाह हो गए। इतना ही नहीं चार पाकिस्तानी एयरबेस को भी नुकसान पहुंचा है।
भारतीय सेना ने शुक्रवार रात जम्मू के पास पाकिस्तानी पोस्ट और आतंकी लॉन्च पैड तबाह कर दिया है। यहीं से ड्रोन दागे जा रहे थे। न्यूज एजेंसी ने डिफेंस सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। वहीं, देर रात पाकिस्तान के तीन एयरबेस के पास जोरदार धमाका हुआ है। भारत ने रावलपिंडी के चकवाल जिले के चकलाला और मुरीद और झंग जिले के शोरकोट में नूर खान एयरबेस पर हमला किया है।
रावलपिंडी में नूर खान एयरबेस पाकिस्तानी सेना मुख्यालय के बगल में स्थित है और इसका बहुत बड़ा प्रतीकात्मक महत्व है। पाकिस्तानी चश्मदीदों की तरफ से शेयर किए गये कुछ तस्वीरों में एयरबेस को आग के गोले में घिरा हुआ दिखाया गया है। नूर खान बेस पर हमले के साथ, भारत ने पाकिस्तान को संकेत दिया है कि कुछ भारत के हमले के दायरे से बाहर नहीं है। यहां तक कि सेना मुख्यालय के बगल में स्थित सबसे बेहतरीन एयरबेस भी भारत के जद के बाहर नहीं है।
इसके अलावा भारत ने पाकिस्तान की हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल फतेह-2 को हरियाणा के सिरसा में इंटरसेप्ट कर हवा में ही ध्वस्त कर दिया। पाकिस्तान को अपनी हाइपरसोनिक मिसाइल फतेह-2 पर बेहद नाज था, लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने इसे हवा में ही नष्ट कर दिया। पाकिस्तान ने भारत पर अब लंबी दूरी की मिसाइलों से हमला करना शुरू कर दिया है। भारत भी इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रहा है। भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस पर हमले में सी-130 को भी नुकसान हुआ है।
उधर, जी-7 देशों ने शुक्रवार को भारत और पाकिस्तान से अधिकतम संयम बरतने का आग्रह किया है और दोनों परमाणु संपन्न एशियाई पड़ोसियों से सीधे वार्ता करने का आह्वान किया। एक बयान में, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों ने पहलगाम हमले की निंदा करते हुए परमाणु संपन्न दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की।
जी-7 के बयान में कहा गया है, 'हम, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका के जी-7 विदेश मंत्री और यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं और भारत और पाकिस्तान दोनों से अधिकतम संयम बरतने का आग्रह करते हैं।'