भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर उनके 14 मार्च को प्रस्तावित विजयराघवगढ़ दौरे पर तीखे सवाल पूछे हैं। पटवारी ने मांग की है कि मुख्यमंत्री, विधायक संजय पाठक से जुड़े गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रदेश की जनता को स्पष्ट जवाब दें। पटवारी ने सीएम से पांच सवाल के जवाब मांगे है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने पूछा कि पाठक की पारिवारिक फर्मों पर 443 करोड़ रुपए की रिकवरी लंबित है? सरकार इसकी वसूली कब तक करेगी? वहीं गरीबों और आदिवासियों के नाम पर खरीदी गई 1143 एकड़ बेनामी संपत्ति के मामले में सरकार क्या ठोस कार्रवाई करेगी।
पटवारी ने सहारा निवेशकों के पैसे से खरीदी गई 309 एकड़ जमीन के मामले में सवाल किया कि पाठक के परिवार और फर्मों पर एफआईआर कब होगी? वहीं क्या नगर सुधार न्यास कटनी की उस भूमि को वापस निगम के अधिकार में लाया जाएगा, जिस पर अवैध कब्जे के आरोप हैं, ताकि जनता को सस्ते प्लॉट मिल सकें?
पटवारी ने सवाल किया कि न्यायालय के आदेश में न्यायाधीश के निर्णय को प्रभावित करने और दबाव बनाने के आरोपों का जिक्र है, इस पर राज्य सरकार ने अब तक क्या कार्रवाई की है?