देश में डिजिटल भुगतान की बढ़ती रफ्तार के बीच यूपीआईए यूजर्स के लिए एक बड़ा बदलाव सामने आया है। अब PhonePe ऐप पर 5000 रुपये तक के ट्रांजैक्शन करने के लिए हर बार पिन डालना जरूरी नहीं होगा। कंपनी ने इसके लिए बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन फीचर शुरू कर दिया है। जिसके जरिए यूजर्स फिंगरप्रिंट या फेस रिकॉग्निशन से सीधे पेमेंट पूरा कर सकेंगे। इस बदलाव का उद्देश्य छोटे भुगतान को तेज, आसान और कम समय लेने वाला बनाना है।

डिजिटल पेमेंट आज रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। किराना खरीदारी, दवाइयों का भुगतान, फूड डिलीवरी या कैब किराया जैसे छोटे-छोटे खर्चों के लिए लोग दिन में कई बार UPI का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में हर ट्रांजैक्शन पर पिन डालना कई यूजर्स के लिए लंबी प्रक्रिया साबित होती थी। नए फीचर के लागू होने के बाद 5000 रुपये तक के भुगतान में स्मार्टफोन का इनबिल्ट सिक्योरिटी सिस्टम ही दूसरी सुरक्षा परत के रूप में काम करेगा। यानी अगर फोन में पहले से फिंगरप्रिंट या फेस लॉक सक्रिय है तो उसी से भुगतान हो जाएगी।

हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढील नहीं दी गई है। 5000 रुपये से अधिक राशि के सभी ट्रांजैक्शन के लिए पहले की तरह UPI पिन डालना अनिवार्य रहेगा। इससे बड़े लेनदेन सुरक्षित बने रहेंगे। जबकि, छोटे भुगतान तेज हो सकेंगे। यह सुविधा फिलहाल केवल एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए शुरू की गई है। कंपनी के अनुसार, भविष्य में इसे आईफोन यूजर्स के लिए भी उपलब्ध कराने की योजना है।

इस फीचर को सक्रिय करने के लिए यूजर्स को ऐप में जाकर अपनी प्रोफाइल खोलनी होगी। जहां Manage Payments विकल्प में बायोमेट्रिक पेमेंट सेटिंग मिलेगी। यहां अपने बैंक अकाउंट के लिए फीचर को एक्टिव करना होगा। पहली बार सेटअप के दौरान यूजर को UPI पिन और बायोमेट्रिक दोनों के जरिए सत्यापन करना पड़ेगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 5000 रुपये तक के भुगतान बिना पिन डाले किए जा सकेंगे।