होली के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए पश्चिम रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। रतलाम मंडल से होकर पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। जिससे इंदौर और मालवा क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधी और अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी। इन स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग पीआरएस काउंटर और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू कर दी गई है ताकि त्योहार के समय यात्रियों को आसानी से कन्फर्म सीट मिल सके।

सबसे अहम सेवा ट्रेन संख्या 09343/09344 डॉ. आंबेडकर नगर–पटना साप्ताहिक स्पेशल है। यह ट्रेन 26 फरवरी से 26 मार्च तक चलाई जाएगी। हर गुरुवार को यह ट्रेन शाम 6 बजे डॉ. आंबेडकर नगर (महू) से रवाना होकर 6:30 बजे इंदौर पहुंचेगी। इसके बाद उज्जैन और मक्सी होते हुए अगले दिन पटना पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह ट्रेन हर शुक्रवार को रात 9:30 बजे पटना से चलेगी और शनिवार रात 11:10 बजे इंदौर पहुंचेगी।

यह भी पढ़ें:MP: नागदा को गांव कहने पर अमिताभ बच्चन के खिलाफ केस दर्ज, KBC में बताया था छोटा और प्यासा गांव

रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, रतलाम मंडल को इस बार विशेष रूप से पांच होली स्पेशल ट्रेनें आवंटित की गई हैं। इनमें से एक प्रमुख ट्रेन इंदौर होकर गुजरेगी। जिससे यात्रियों को सीधे बिहार जाने का लाभ मिलेगा। यह सेवा विदिशा, बीना, सतना, प्रयागराज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर पटना तक जाएगी जिससे मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई शहरों के यात्रियों को सीधा संपर्क मिलेगा।

ट्रेन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। इसके अलावा मुंबई-कटिहार, मुंबई-बनारस एसी स्पेशल, वडोदरा-गोरखपुर और वडोदरा-मऊ सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेनें भी रतलाम मंडल से होकर संचालित होंगी। इन सेवाओं से इंदौर के यात्रियों को उज्जैन और रतलाम के माध्यम से बिहार, वाराणसी, गोरखपुर और पूर्वांचल क्षेत्र तक अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि होली के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें:इंदौर की 5 साल की वंडर गर्ल ने रचा इतिहास, 28 सेकंड में सुलझाई सुडोकू पहेलियां