नई दिल्ली/लखनऊ। बीजेपी के दिवंगत नेता कल्याण सिंह का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। दिवंगत नेता की अंत्येष्टि अलीगढ़ स्थित उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन करने लखनऊ पहुंच गए हैं।वे कल्याण सिंह के आवास पहुंच कर दिवंगत नेता को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री के साथ साथ गृह मंत्री अमित शाह सहित बीजेपी के कई बड़े नेताओं के लखनऊ पहुंचने की खबर है। 

कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को अलीगढ़ स्थित उनके पैतृक गांव में गंगा किनारे किया जाएगा।  उनके शव को अभी लखनऊ स्थित उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। इसके बाद दोपहर एक बजे तक उनके पार्थिव शरीर को उत्तर प्रदेश विधानसभा में रखा जाएगा। इसके बाद लखनऊ स्थित बीजेपी कार्यालय में कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन लोग कर सकेंगे। 

यह भी पढ़ें : नहीं रहे कल्याण सिंह, 89 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

कल्याण सिंह के निधन के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। इसके साथ ही सोमवार को सार्वजनिक अवकाश भी घोषित कर दिया गया है। 

शनिवार शाम को कल्याण सिंह का लखनऊ के संजय गांधी अस्पताल में निधन हो गया। कल्याण सिंह 89 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शनिवार देर शाम मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका निधन हो गया। कल्याण सिंह के निधन के बाद से ही बीजेपी में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।