नहीं रहे कल्याण सिंह, 89 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

कल्याण सिंह दो मर्तबा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, जीवन के प्रारंभ में ही वे आरएसएस से जुड़ गए

Updated: Aug 21, 2021, 05:44 PM IST

Photo Courtesy: The Print
Photo Courtesy: The Print

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन हो गया है। कल्याण सिंह ने शनिवार देर शाम लखनऊ स्थित संजय गांधी अस्पताल में अंतिम सांस ली। कल्याण सिंह के निधन के बाद बीजेपी में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कल्याण सिंह के निधन के बाद श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रधानमंत्री मोदी ने दिवंगत नेता के निधन पर कहा है कि वे अपने इस दुख को शब्दों में नहीं पिरो सकते। प्रधानमंत्री ने कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश के विकास में कल्याण सिंह के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

कल्याण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि कल्याण सिंह जी ने समाज के वंचित तबके से ताल्लुक रखने वाले करोड़ों लोगों को आवाज दी। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए। 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत नेता के देहावसान पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि पूर्व राज्यपाल व उ.प्र. के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य आदरणीय कल्याण सिंह जी अब हमारे बीच नहीं रहे।भारतीय राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता व जन सेवा के पर्याय, अप्रतिम संगठनकर्ता एवं लोकप्रिय जननेता आदरणीय कल्याण सिंह जी का देहावसान संपूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है।उन्हें कोटि-कोटि श्रद्धांजलि!

उन्होंने आगे कहा है कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिजनों को दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।समाज, कल्याण सिंह जी को उनके युगांतरकारी निर्णयों, कर्तव्यनिष्ठा व शुचितापूर्ण जीवन के लिए सदियों तक स्मरण करते हुए प्रेरित होता रहेगा।

कल्याण सिंह काफी समय से बीमार चल रहे थे। लखनऊ स्थित संजय गांधी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। उत्तर प्रदेश के मौजूदा सीएम योगी आदित्यनाथ बीच बीच में उनकी तबीयत के बारे में जानने के लिए अस्पताल जाते रहे थे। आज भी योगी आदित्यनाथ कल्याण सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे थे। देर शाम मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण कल्याण सिंह का निधन हो गया।

कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे थे। जिस समय बाबरी विध्वंस हुआ था, उस दौरान कल्याण सिंह ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। इसके बाद कल्याण सिंह 1997 में मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि जल्द ही बीजेपी से उनके मतभेद उजागर हो गए। जिसके बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी। 2004 में वे दोबारा बीजेपी से जुड़े और बुलंदशहर लोकसभा सीट से निर्वाचित होकर संसद में दाखिल हुए। 2014 में मोदी सरकार आने के बाद कल्याण सिंह को राजस्थान का गवर्नर बनाया गया। इसी बीच में वे हिमाचल प्रदेश के भी गवर्नर रहे।