चंडीगढ़। हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-108 में मंगलवार को पावर बैंक में विस्फोट हो गई। घटना लैंडिंग के बाद हुई थी। उस वक्त विमान एयरपोर्ट पर खड़ा था। धमाके की वजह से 5 यात्री घायल हो गए। जिसके बाद एहतियातन इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने दोपहर करीब 3:29 बजे चंडीगढ़ में सुरक्षित लैंडिंग की थी। विमान में 198 यात्री, दो बच्चे और छह क्रू सदस्य सवार थे। लैंडिंग के बाद जब विमान बे नंबर-1 की ओर बढ़ रहा था। तभी सीट 39C पर बैठे एक यात्री ने अपने बैग में रखे पावर बैंक में आग लगने की सूचना दी। आशंका है कि पावर बैंक में ब्लास्ट हुआ जिससे केबिन में धुआं फैल गया।
स्थिति बिगड़ते देख केबिन क्रू ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया। इसके बावजूद धुएं के कारण यात्रियों में घबराहट फैल गई। करीब 3:35 बजे इमरजेंसी एग्जिट खोले गए और यात्रियों को एयर स्लाइड्स के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ तस्वीरों में एक महिला को एंबुलेंस में ले जाते हुए भी देखा गया है। एयरफोर्स की फायर टेंडर टीम 3:38 बजे मौके पर पहुंची लेकिन तब तक स्थिति नियंत्रण में आ चुकी थी।
इंडिगो एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को तुरंत खाली कराया गया और सभी को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि विमान को दोबारा उड़ान में शामिल करने से पहले विस्तृत तकनीकी जांच की जाएगी।
हालांकि, पावर बैंक में विस्फोट की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) पहले ही पावर बैंक को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी कर चुका है। जनवरी 2026 से फ्लाइट के दौरान पावर बैंक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा पावर बैंक और अतिरिक्त लिथियम बैटरियों को केवल हैंड बैगेज में रखने की अनुमति है। उन्हें ओवरहेड बिन में रखना मना है। ऐसा इसलिए क्योंकि ऐसी बैटरियों में आग लगने की स्थिति में उसे समय रहते नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, पावर बैंक में इस्तेमाल होने वाली लिथियम आयन बैटरियां अत्यधिक गर्मी या दबाव के कारण अस्थिर हो सकती हैं। जिससे शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को सुरक्षित और प्रमाणित पावर बैंक का उपयोग करने और एयरलाइन के सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी जाती है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में विमान यात्राओं के दौरान सुरक्षा से जुड़े कई मामले सामने आए हैं। 3 मई को चेन्नई एयरपोर्ट पर एक यात्री ने लैंडिंग के दौरान इमरजेंसी गेट खोलकर कूदने की कोशिश की थी। जबकि, 28 मार्च को वाराणसी में एक यात्री ने लैंडिंग से पहले विमान का इमरजेंसी गेट खोलने का प्रयास किया था। हालांकि, इसे समय रहते रोक लिया गया था।