चंडीगढ़। प्रियंका गांधी ने पंजाब में अपनी एक रैली के दौरान पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के ऊपर बड़ा हमला बोला है। पंजाब में नेतृत्व परिवर्तन होने के बाद पहली बार इस मुद्दे पर बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर बड़ा आरोप लगाया। प्रियंका गांधी ने कहा कि सीएम चन्नी के मुख्यमंत्री बनने से पहले पंजाब की सरकार को बीजेपी कंट्रोल कर रही थी। 

प्रियंका गांधी ने कटकपुरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हम पिछले पांच वर्षों से सरकार में हैं, यह सच है कि पिछली सरकार में कुछ कमियां थीं। क्योंकि कई नेता रास्ते से भटक गए थे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की पिछली सरकार पंजाब से चलना बंद हो गई थी। दिल्ली से उस पूरी सरकार को नियंत्रित किया जाने लगा था। दिल्ली में पंजाब सरकार को कांग्रेस पार्टी नहीं बल्कि बीजेपी नियंत्रित कर रही थी। हालांकि प्रियंका गांधी ने पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम नहीं लिया। लेकिन उनके तीखे हमलों से यह स्पष्ट था कि कांग्रेस महासचिव का इशारा कैप्टन अमरिंदर सिंह की ही तरफ था। 

प्रियंका गांधी ने आम आदमी पार्टी पर भी जमकर वार किए। प्रियंका गांधी ने कहा कि आम आदमी पार्टी आरएसएस से निकली हुई पार्टी है। वह खुद कहते हैं कि हम बीजेपी से बड़ी बीजेपी हैं। गुजरात मॉडल की तरह दिल्ली मॉडल भी केवल विज्ञापनों में है। 

यह भी पढ़ें : विवाद योगी मोदी और अमित शाह जी के बीच होगा, मेरा भाई मेरे लिए जान दे देगा: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने सीएम चन्नी द्वारा उठाए गए लाभकारी कदमों की तारीफ करते हुए कहा कि आज के वक्त में कांग्रेस पार्टी ही पंजाब को एक स्थिर सरकार दे सकती है।