नई दिल्ली। वोट चोरी की निष्पक्ष जांच और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की मांग पर अड़े हैं। पुलिस अफसर उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं। उधर प्रियंका सड़क पर लेट गईं हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा विपक्षी सांसदों को पीटा गया। 

दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडिया ब्लॉक के सांसदों को बुधवार को लंच पर बुलाया था। जनपथ पर स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में विपक्षी सांसदों ने करीब 1:30 घंटा लंच किया। लंच के बाद राहुल गांधी, विपक्षी सांसदों के साथ जंतर-मंतर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि अब यहीं धरना देंगे। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा।

इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम यह विरोध जारी रखेंगे। चुनाव आयोग की बार-बार की गलतियां और केंद्र सरकार के इशारे पर हो रही हरकतें यह दिखाती हैं कि वे देश में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। वे संविधान की भी परवाह नहीं करते।

इससे एक दिन पहले इंडिया ब्लॉक के 200 से ज्यादा सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग के ऑफिस तक मार्च निकाला था, लेकिन उन्हें पहले ही रोक दिया गया। इसके बाद राहुल और प्रियंका ने आकाशवाणी परिसर में 8 घंटे धरना दिया था। हालांकि परिसर में जबरन घुसने पर दोनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।