नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि मोदी सरकार किसानों, गरीबों और मध्यम वर्ग की दुश्मन है। प्रियंका गांधी ने कहा है, पिछले एक साल में आलू के दाम लगभग 100% और प्याज के दाम 50% बढ़े हैं।' प्रियंका गांधी ने आगे कहा है कि एक तरफ सब्ज़ियों के दाम बढ़ रहे हैं, तो वहीं इन सब्ज़ियों की उपज करने वाले किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है।



और पढ़े: आसमान पर आलू के दाम, दिवाली पर भूटान से 30000 टन आलू आयात कराएगी सरकार



प्रियंका गांधी ने कहा है, 'जहां एक तरफ जनता सब्जियों के बढ़ते दामों के चलते बेहाल है वहीं इनको उगाने वाले अन्नदाताओं को इनके दाम नहीं मिलते हैं और उन पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है। ये सरकार किसान, गरीबों एवं मध्यम वर्ग की दुश्मन है।'






देशभर में दैनिक उपभोग के सामानों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। आलू, प्याज़ और दाल के दाम पिछले साल के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा बढ़ चुके हैं। आलू के दाम तो पिछले दस सालों में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। पिछले दस सालों में यह पहला अवसर है जब आलू के दाम 50 रुपए के ऊपर पहुंच गए हैं। 



केन्द्र सरकार के मंत्री पीयूष गोयल कह चुके हैं कि आलू, प्याज और दाल के दामों में स्थिरता लाने के लिए सरकार विदेशों से आयात कर रही है। केन्द्रीय उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अनुसार भारत सरकार दिवाली से पहले 25 हज़ार टन प्याज़ आयात करने जा रही है। 7 हज़ार टन प्याज़ पहले ही आयात किए जा चुके हैं। वहीं 30 हज़ार टन आलू भी भूटान से आयात करने की योजना है।



पीयूष गोयल ने हाल ही में प्रेस वार्ता कर बताया था कि सरकार 4 लाख टन अरहर दाल भी विदेशों से आयात करने जा रही है। वहीं दो लाख टन उड़द दाल अब तक आयात की जा चुकी है।