पुदुचेरी। देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कई राज्यों में लॉकडाउन लगाया गया है। इसी बीच केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने इस बात की जानकारी दी। रविवार को इंदिरागांधी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में कोरोना की जांच करावाया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चिन्नई के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहाँ उनका इलाज चल रहा है। सीएम रंगासामी की तबियत स्थिर बनी हुई है। 

एआईएनआरसी नेता एन रंगासामी ने शुक्रवार को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। मुख्यमंत्री एन रंगासामी के शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन स्थल पर शुक्रवार को 183 लोगों की कोरोना जांच की गई  उनमें से 11 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे।


गौरतलब है कि केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के एक दिन में  26 मरीजों की जान गई है। वहीं,1633 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 71709 हो गई है। प्रदेश में 26 और मरीजों की मौत के साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 965 हो गया है। इससे पहले आठ मई को प्रदेश में एक दिन में सबसे ज्यादा 19 मरीजों की मौत हुई थी।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवा के निर्देशक एस मोहन कुमार ने  कहा कि बीते 24 घंटों के दौरान कुल 9022 नमूनों की जांच की गई है। प्रदेश में अब तक कुल 8.56 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी है।

इसके मुताबिक, केंद्र शासित प्रदेश में फिलहाल 14034 मरीजों का उपचार चल रहा है। जबकि बीते 24 घंटों में 1158 मरीज इस संक्रमण से मुक्त हुए। प्रदेश में अब तक कुल 56710 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।