मध्यप्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों और सम्मान को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग ने टोल फ्री हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश की महिलाएं अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीधे आयोग तक पहुंचा सकेंगी। हेल्पलाइन का शुभारंभ भोपाल स्थित राज्य महिला आयोग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया।
हेल्पलाइन सेवा का उद्घाटन राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव, सदस्य साधना स्थापक और सचिव सुरेश तोमर की मौजूदगी में हुआ। आयोग का मानना है कि यह पहल महिलाओं को न्याय, सहायता और आवश्यक मार्गदर्शन तक आसान और त्वरित पहुंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यह भी पढ़ें:US-Iran के बीच बढ़ा तनाव, ईरान के कई शहरों को अमेरिकी सेना ने बनाया निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बल्कि, महिलाओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरल और प्रभावी व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नई हेल्पलाइन आयोग और महिलाओं के बीच सीधे संवाद का माध्यम बनेगी। जिससे जरूरतमंद महिलाओं तक सहायता अधिक तेजी से पहुंच सकेगी।
रेखा यादव ने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए लाभकारी साबित होगी जो दूरी, संसाधनों की कमी या अन्य कारणों से आयोग के कार्यालय तक नहीं पहुंच पाती हैं। अब वे फोन के माध्यम से अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकेंगी।
यह भी पढ़ें:गाजियाबाद में सीवेज सैंपल में मिला पोलियो वायरस, 160 स्वास्थ्य टीमें करेंगी 1.5 लाख से अधिक बच्चों का सर्वे
राज्य महिला आयोग की सदस्य साधना स्थापक ने कहा कि हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
वहीं, आयोग के सचिव सुरेश तोमर ने जानकारी दी कि यह हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं होगी। इसके जरिए महिलाओं को आवश्यक परामर्श, मार्गदर्शन और उनके मामलों की फॉलोअप सुविधा भी प्रदान की जाएगी। जिससे उन्हें प्रक्रिया के दौरान लगातार सहयोग मिलता रहे। आयोग के अनुसार, नई व्यवस्था से शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। इससे महिलाओं की समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेने और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
राज्य महिला आयोग ने प्रदेश की महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत या सहायता की आवश्यकता होने पर वे बिना संकोच टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-6112 पर संपर्क करें। आयोग का विश्वास है कि यह पहल महिलाओं को न्याय तक सरल पहुंच उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों को मजबूत बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित होगी।
यह भी पढ़ें: