नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू होने से पहले अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी ने यात्रा की सफलता के लिए कामना की है। राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



पत्र में उन्‍होंने राहुल की 'भारत जोड़ो यात्रा' को देश को एकजुट करने का कदम कहा है। सत्येंद्र

दास ने गांधी को लिखा, 'मैं आशा करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि जिस मिशन के लिए आप लड़ रहे हैं, वह सफल हो, मैं आपको आपके लंबे जीवन का आशीर्वाद देता हूं।'



यह भी पढ़ें: आज यूपी में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा, मायावती और अखिलेश यादव ने दी राहुल गांधी को शुभकामनाएं



पत्र में उन्होंने लिखा है कि आपकी जो यह देश जोड़ने की यात्रा है वह पूर्ण हो। जो लक्ष्य लेकर आप चल रहे हैं उसमें आपको सफलता मिले। देश के हित में जो भी कार्य कर रहे हैं वह वास्तव में सर्वजन सुखाय सर्वजन हिताय है। हमारी मंगल कामना है कि आपकी यात्रा सफलतापूर्वक अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। मुख्‍य पुजारी ने कहा कि आप लोगों के हित में और लोगों की खुशी के लिए 'सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय' के लिए काम कर रहे हैं, मैं चाहता हूं कि भगवान राम की कृपा आप पर हमेशा बनी रहे।





राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके स्थित हनुमान मंदिर से चलेगी और दोपहर में यूपी के गाजियाबाद में दाखिल होगी। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में खत्म होगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी श्रीनगर में तिरंगा फहराएंगे और यहीं पर यात्रा का समापन होगा। 



कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी गांधी मंडपम से शुरू होकर 24 दिसंबर को दिल्ली के लाल किला तक पहुंची। इस दौरान राहुल गांधी ने 3 हजार 122 किलोमीटर का पैदल सफर तय किया। वेणुगोपाल ने बताया कि यात्रा अबतक 9 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश को कवर कर चुकी है। इस दौरान यात्रा ने 49 जिलों से होकर गुजरी है।