नई दिल्ली। देश आज अपना 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दूसरी बार राजपथ पर तिरंगा फहराएंगी। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चीफ गेस्ट हैं। 13 हजार स्पेशल गेस्ट भी आएंगे। गणतंत्र दिवस के मौके पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी है।



राहुल गांधी ने एक वीडियो ट्वीट कर लिखा, 'स्वतंत्रता आंदोलन के सपनों को एक सूत्र में पिरोने वाला हमारा महान संविधान भारतीय गणतंत्र की आत्मा है।संविधान के मूल सिद्धांतों की रक्षा और उनके प्रति निष्ठा ही अमर स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि है। सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। जय हिंद।'





गणतंत्र दिवस के मौके पर आज इंडिया गेट के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा। परेड के साथ ही अलग-अलग राज्यों की रंगीन झांकियां और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। परेड सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी और लगभग 90 मिनट तक चलेगी। परेड का आगाज 100 महिला म्यूजिशियन शंख, नगाड़े और दूसरे पारंपरिक वाद्य-यंत्रों के साथ करने वाली है।



1500 महिलाएं अपने पारंपरिक पहनावे में परेड में लोक नृत्य करेंगी। रक्षा मंत्रालय समारोह के दौरान एक स्मारक सिक्का और स्मारक टिकट जारी करेगा।पहली बार तीनों सेनाओं, पारा-मिलिट्री ग्रुप्स और पुलिस की टुकड़ियां को इस बार महिलाएं लीड करेंगी। तीनों सेनाओं के कंटिंजेंट का नेतृत्व भारतीय सेना की कैप्टन शरण्या राव करेंगी। केंद्रीय सशस्त्र बलों की टुकड़ियों में महिलाकर्मी भी हिस्सा लेंगी। 



BSF, CRPF और SSB की महिलाकर्मी 350CC रॉयल एनफील्ड बुलेट्स पर सवार होकर डेयरडेविल स्टंट भी दिखाएंगीं। इसके अलावा फ्लाईपास्ट में एयरफोर्स के 51 एयरक्राफ्ट हिस्सा लेंगे। इनमें 29 फाइटर प्लेन, 7 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, 9 हेलिकॉप्टर और एक हेरिटेज एयरक्राफ्ट शामिल होगा। फ्लाईपास्ट में पहली बार फ्रांसीसी सेना के राफेल भी शामिल हो रहे हैं।