आंध्र प्रदेश के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर (तिरुपति मंदिर) के लड्डूओं में जानवरों की चर्बी होने का विवाद बढ़ता जा रहा है। CM नायडू के बाद अब मंदिर प्रबंधन संभालने वाले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने भी कहा है कि तिरुपति प्रसाद में जानवरों की चर्बी की मिलावट थी।
TTD के कार्यकारी अधिकारी जे श्यामला राव ने शुक्रवार, 20 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने दावा किया कि लड्डू जिस घी से बनाए जा रहे थे, उसके सैंपल्स के 4 लैब रिपोर्ट्स में इसकी पुष्टि हुई है। राव ने कहा कि मंदिर प्रबंधन के पास अपना लैब नहीं था। घी सप्लायर्स ने इसका फायदा उठाया।
दूसरी तरफ, पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी ने भी आरोपों पर पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जुलाई की लैब रिपोर्ट दिखाई है। तब वे सीएम बन चुके थे। अब तक चुप क्यों रहे। रेड्डी ने कहा कि नायडू राजनीतिक फायदे के लिए भगवान का इस्तेमाल कर रहे हैं।
मामले पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वेंकटेश्वर मंदिर में प्रसाद अपवित्र होने की खबरें परेशान करने वाली हैं। यह घटनाक्रम हर भक्त को आहत करेगा। इस पर गहराई से विचार की जरूरत है। देशभर के मंदिर प्रबंधन को धार्मिक स्थानों की पवित्रता की रक्षा करनी चाहिए।