नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिली है। जानकारी के मुताबिक, उनके कार्यालय में डाक के जरिए एक चिट्ठी आई है, जिसमें साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि 'खूंखार आतंकी जल्द ही तुम्हारी हत्या कर देंगे।
धमकी भरा यह खत मिलने के बाद उनके दफ्तर में तुरंत हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, केंद्रीय मंत्री के कार्यालय ने बिना देरी किए केंद्रीय गृह सचिव को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में घटना की पूरी जानकारी देते हुए तुरंत जांच करने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की गई है।
हालांकि चिराग पासवान के पास पहले से ही कड़ी सुरक्षा मौजूद है, लेकिन इस तरह सीधे दफ्तर में चिट्ठी भेजकर धमकी देने के बाद गृह मंत्रालय और खुफिया एजेंसियां चौकन्नी हो गई हैं। बता दें कि चिराग पासवान वर्तमान में मोदी कैबिनेट में एक प्रमुख युवा चेहरा हैं और बिहार की राजनीति में उनका खासा प्रभाव है। एक केंद्रीय मंत्री और प्रमुख राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते उन्हें पहले से ही कड़ी सुरक्षा मिली हुई है। हालांकि, डाक के जरिए इस तरह का पत्र सीधे उनके कार्यालय तक पहुंच जाना व्यवस्था में एक चूक की तरफ भी इशारा करता है। गृह मंत्रालय इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रहा है।
माना जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल जल्द ही इस मामले में एफआईआर दर्ज कर अपनी तफ्तीश शुरू कर सकती है। इस धमकी के पीछे किसी राजनीतिक साजिश या असामाजिक तत्वों की हरकत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। एहतियात के तौर पर चिराग पासवान के दिल्ली स्थित आवास और कार्यालय के आसपास सुरक्षा घेरा और कड़ा किया जा सकता है।