नई दिल्ली। अडानी मामले को लेकर कांग्रेस ने देशभर में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ता एसबीआई और एलआईसी कार्यालयों के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। संसद भवन में भी विपक्ष का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला है। सोमवार को संसद में 12 विपक्षी दलों ने गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। उधर शेयर बाजार में अडानी के शेयरों के गिरावट जारी है।



इस दौरान विपक्ष के सांसद केंद्र सरकार और अडानी समूह के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते दिखे। विपक्षी सांसद "प्रधानमंत्री जवाब दो, अडानी घोटाले पर JPC लागू करो, सुप्रीम कोर्ट से जांच कराओ, SBI-LIC को लूटना बंद करो और गरीबों को लूटना बंद करो" जैसे नारे लगा रहे थे। 





दरअसल, मोदी सरकार इस मामले में न तो चर्चा कर रही है, न ही जांच के लिए कमेटी बनाने को तैयार है। इसीलिए विपक्ष में मोर्चा खोल दिया है। सदन में भी हंगामा देखने को मिला। हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही को दो बजे तक स्थगित कर दिया गया है। साथ ही राज्यसभा को भी स्थगित कर दिया गया है। दरअसल, विपक्षी दलों के सदस्य संसदीय कमेटी बनाने की मांग कर रहे हैं, वहीं सत्ता पक्ष राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की मांग कर रहा है।






संसद सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज विपक्षी नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में कांग्रेस, DMK, NCP, BRS, JD(U), SP, CPM, CPI, केरल कांग्रेस, JMM, RLD, RSP, AAP, IUML, RJD और शिव सेना के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के बाद कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा- पूरा विपक्ष एक साथ आएगा, चर्चा होगी और फैसला होगा। ये सिर्फ कांग्रेस मुद्दा नहीं है, बल्कि भारत के आम लोगों का मुद्दा है।





हंगामे के बीच इस हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भी अडानी समूह के लिए बुरा साबित हो रही है। सोमवार

सुबह करीब 11 बजे तक शेयर बाजार में अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर्स में 5% की गिरावट देखी गई। ये 1500 रुपए के करीब ट्रेड कर रहे हैं। अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट पब्लिश होने के बाद से अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 12 दिन में करीब 60% टूट चुके हैं। इसके पहले शुक्रवार को कंपनी के शेयर 35% तक गिर गए थे। हालांकि इसके बाद शेयर में ​रिकवरी आई और यह ​केवल ​​​2.19% की गिरावट के साथ 1,531 रुपए पर बंद हुए। 



कांग्रेस का LIC और SBI दफ्तरों के सामने देशव्यापी प्रदर्शन भी जारी है। कांग्रेस कार्यकर्ता आज देश के सभी राज्यों में LIC और SBI दफ्तरों के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार आम लोगों के पैसे का इस्तेमाल अपने दोस्तों की मदद के लिए कर रही है। विपक्ष की मांग है कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा होने दे। इसके साथ ही अडाणी ग्रुप के वित्तीय लेनदेन की जांच संसदीय पैनल (JPC) या सुप्रीम कोर्ट की कमेटी से करवाई जाए।