नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतों और आसन्न ऊर्जा संकट के बीच भारत ने E85 एथेनॉल फ्यूल का रुख करना शुरू किया है। इतना ही नहीं केंद्र सरकार ने 100 प्रतिशत इथेनॉल फ्यूल के इस्तेमाल की भी मंजूरी दे दी है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसने लोगों के होश उड़ा दिए हैं और एथेनॉल फ्यूल को लेकर एक बिल्कुल नई बहस छेड़ दी है। वीडियो देखकर लोग हंस भी रहे हैं और सोच भी रहे हैं यह फ्यूल है या गन्ने का रस?

E85 एक मिश्रित ईधन है जिसमें 85% एथेनॉल और 15% पेट्रोल होता है। एथेनॉल मुख्य रूप से गन्ने, मक्के और अन्य कृषि उत्पादों से बनाया जाता है, यही वजह है कि इसमें हल्की मिठास जैसे गुण होते हैं। इसी बीच एक वायरल वीडियो में एक शख्स E85 एथेनॉल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचा। जैसे ही उसने अपनी गाड़ी की टंकी का ढक्कन खोला, फिर उसकका नजारा देखकर उसकी आंखें फटी की फटी रह गई। उसने देखा कि टंकी के आसपास चींटियों का पूरा भंडार जमा हुआ था, मानो उन्होंने उस गाड़ी को अपना घर बना लिया हो।

अब इस मामले पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की प्रतिक्रिया सामने आई है। मंत्रालय ने एथेनॉल फ्यूल को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को खारिज कर दिया। मंत्रालय ने मंगलवार को प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पेट्रोल में एथेनॉल मिलाना पूरी तरह से साइंटिफिक है और इसकी लगातार निगरानी की जा रही है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ईंधन ग्रेड एथेनॉल में कोई शर्करा (चीनी) नहीं होती। मंत्रालय के अनुसार, कुछ लोग पुराने वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया पर दोबारा शेयर कर जनता में भ्रम फैला रहे हैं। सरकार ने कहा कि E20 पेट्रोल डालने के बाद इंजन खराब होने की कोई रिपोर्ट अभी तक सामने नहीं आई है। सरकार के अनुसार, अमेरिका, ब्राजील और जापान जैसे देशों में एथेनॉल मिश्रित ईंधन का सफलतापूर्वक उपयोग हो रहा है। ब्राजील में तो E27 लंबे समय से ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।