इंफाल। मणिपुर में मैतेई कट्टरपंथी संगठन ‘अरम्बाई टेंगोल’ के नेता की कथित गिरफ्तारी के बाद राज्य में फिर हिंसा भड़क गई है। इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में व्यापक विरोध प्रदर्शन के बाद घाटी के पांच जिलों के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को पांच दिनों के लिए निलंबित कर दिया है।

मणिपुर के इम्फाल वेस्ट के क्वाकेतल इलाके में शनिवार रात को सुरक्षा बलों ने मैतेई संगठन अराम्बाई तेंगोल के एक नेता को गिरफ्तार किया। इससे उसके समर्थक आग-बबूला हो गए। इसके बाद पूरे इलाके में हिंसक प्रदर्शन हुए। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को देखते हुए एहतियातन घाटी के कई जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं निलंबित कर दी गई।

यह भी पढ़ें: केदारनाथ में टला बड़ा हादसा, बीच सड़क पर हेलिकॉप्टर की हुई इमरजेंसी लैंडिंग

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मणिपुर सरकार ने शनिवार रात 11.45 बजे से पांच दिनों के लिए घाटी के पांच जिलों के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में वीसैट और वीपीएन सहित इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को निलंबित करने का आदेश दिया है।
इतना ही नहीं, बिष्णुपुर जिले में कर्फ्यू भी लगाया गया है।

प्रशासन ने इम्फाल ईस्ट, इम्फाल वेस्ट, थौबल और काकचिंग जैसे अन्य जिलों में भी कर्फ्यू लगा दिया है। प्रदर्शनकारी मैतेई स्वयंसेवी समूह अराम्बाई तेंगोल से संबंधित थे। इन लोगों ने अपने नेता की रिहाई की मांग करते हुए नारे लगाए और सड़कों पर टायर जलाए। इस समूह पर पहले हुए जातीय हिंसा के दौरान कुकी गांवों पर हमले का आरोप है।