ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। लखीया गांव में एक 33 वर्षीय विवाहिता महिला की कथित तौर पर उसके पिता और भाइयों ने हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जलाकर उसके अवशेष खेत और कुएं में फेंक दिए ताकि घटना के सबूत पूरी तरह मिटाए जा सकें। घटना का खुलासा करीब 26 दिन बाद होने पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है और परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान जूली गुर्जर के रूप में हुई है। जूली 5 मई को घर से लापता हो गई थी। जिसके बाद उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने उसे तलाश कर परिजनों के सुपुर्द भी कर दिया था। हालांकि, इसके कुछ दिनों बाद वह फिर से गायब हो गई और मामला धीरे-धीरे गंभीर मोड़ लेता चला गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जूली के एक युवक से प्रेम संबंध थे। जिसे लेकर परिवार के भीतर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस को संदेह है कि इसी विवाद की वजह से यह घटना हुई। जांच के दौरान यह जानकारी मिली कि 8 मई की रात जूली और उसके पिता किशन गुर्जर के बीच तीखी कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिता ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद सबूत नष्ट करने की साजिश भी रची गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिता ने अपने बेटों दीपक, रामसेवक और अजय गुर्जर के साथ मिलकर शव को खेत में ले जाकर आग लगा दी। इसके बाद जले हुए अवशेषों को खेत और पास स्थित कुएं में फेंक दिया गया। जिससे किसी को घटना की भनक न लगे।
करीब 26 दिन तक यह मामला दबा रहा लेकिन बाद में पुलिस को घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई तो हत्या और शव ठिकाने लगाने की पूरी कहानी सामने आने लगी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की टीम गांव पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस उन स्थानों तक पहुंची है जहां शव के अवशेष फेंके जाने की बात कही गई है। फिलहाल खेत और कुएं से अवशेषों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर, एसडीओपी सौरभ कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी जुटे हुए हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है।