भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारतीय चयन समिति ने उनकी जगह युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने विराट के चोटिल होने और उनके विकल्प के तौर पर यशस्वी को चुने जाने की जानकारी दी है।
विराट कोहली का टीम से बाहर होना भारतीय बल्लेबाजी क्रम के लिए महत्वपूर्ण नुकसान माना जा रहा है। पिछले कुछ समय से वह वनडे क्रिकेट में शानदार लय में थे और लगातार टीम के लिए अहम रन बना रहे थे। मौजूदा समय में कोहली केवल वनडे प्रारूप में ही भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि वह पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
यह भी पढ़ें:शाजापुर में मजदूरों से भरी बस ट्रक से टकराई, चालक की मौत, गर्भवती महिला समेत 18 यात्री घायल
कोहली ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला इसी साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेला था। हालांकि, भारत वह सीरीज 2-1 से हार गया था लेकिन विराट ने बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन मैचों में 240 रन बनाए थे। उस सीरीज में उनका एवरेज 80 और स्ट्राइक रेट 105.26 रहा था। जिससे वह भारत के सबसे सफल बल्लेबाज साबित हुए थे।
सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ही नहीं बल्कि आईपीएल 2026 में भी विराट ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया था। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 56.25 की औसत और 165.84 के स्ट्राइक रेट से 675 रन बनाए थे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में भी उनकी अहम भूमिका रही। गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में खेली गई उनकी नाबाद 75 रन की पारी टीम की जीत का आधार बनी थी। इस जीत के साथ आरसीबी लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने वाली तीसरी फ्रेंचाइजी बनी थी।
यह भी पढ़ें:वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, टीम इंडिया में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने
विराट की अनुपस्थिति में अब यशस्वी जायसवाल के पास वनडे टीम में अपनी जगह मजबूत करने का अवसर होगा। बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज फिलहाल अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। टेस्ट मुकाबला समाप्त होने के बाद वह वनडे टीम से जुड़ेंगे और आगामी सीरीज की तैयारियां शुरू करेंगे।
यशस्वी ने फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया था। हालांकि, अब तक उन्हें सीमित अवसर ही मिले हैं और उन्होंने केवल चार वनडे मुकाबले खेले हैं। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ यह सीरीज उनके लिए खुद को साबित करने और चयनकर्ताओं का भरोसा जीतने का महत्वपूर्ण मौका मानी जा रही है। भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ में होगा। जबकि, तीसरा और अंतिम वनडे 20 जून को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:नॉर्वे चेस जीतने वाले पहले भारतीय बने प्रज्ञानंद, वर्ल्ड नंबर वन कार्लसन को हराया