कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आज आएंगे। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। एक सीट फालता पर 21 मई को फिर वोटिंग होगी। शुरुआती रुझान में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है।
शुरुआती रुझान में भाजपा 160 और टीएमसी 117 सीटों पर आगे चल रही है। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी पीछे हैं। सुवेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। वहीं पानीहाटी सीट पर आरजी कर रेप विक्टिम की मां रत्ना देबनाथ को बढ़त है। पीएम मोदी ने जहां झालमुड़ी खाई थी उस इलाके में भाजपा चारों सीटों पर आगे है। ये सीटें झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम हैं।
शुरुआती रुझानों को देखते हुए बंगाल में एग्जिट पोल सही साबित होते दिख रहे हैं। 8 एग्जिट पोल में से 6 में भाजपा, 2 में TMC सरकार का अनुमान लगाया गया था। हालांकि, भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि हम सरकार बना रहे हैं ये कहना अभी जल्दी होगा, कम से कम 50 प्रतिशत काउंटिंग होने दी जाए।
रुझानों में भाजपा की स्पष्ट बहुमत दिखने के बाद टीएमसी समर्थकों में मायूसी है। कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस ऑफिस के बाहर सन्नाटा है। कोलकाता की सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा है। जबकि दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में पूरी और जलेबी बनाया जा रहा है। आज शाम करीब 6.30 बजे पीएम नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे और भाजपा के जश्न में शामिल होंगे। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।