इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत से पहले महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रिहैब से गुजर रहे हैं। जिसकके चलते वे शुरुआती दो हफ्तों तक मैदान से दूर रह सकते हैं। टीम की ओर से जारी जानकारी में बताया गया है कि उन्हें काफ स्ट्रेन यानी पिंडली में खिंचाव की समस्या है।

अगर धोनी करीब 14 दिन तक टीम से बाहर रहते हैं तो वे कम से कम तीन मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मैच 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ है। इसके बाद 3 अप्रैल को चेन्नई में पंजाब किंग्स से मुकाबला होगा। जबकि, 5 अप्रैल को टीम डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर खेलेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि धोनी की वापसी 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में हो सकती है।

यह भी पढ़ें:छिंदवाड़ा में खेत में मिला बाघ का शव, बैल के शिकार से नाराज होकर किसान ने दिया था जहर

44 वर्षीय माही इस सीजन के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। पिछले सीजन में जब कप्तान ऋतुराज गायकवाड चोटिल हो गए थे तब धोनी ने फिर से टीम की कमान संभाली थी। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को चार में से तीन मुकाबलों में जीत दिलाई थी।

आईपीएल इतिहास में धोनी का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। वे अब तक 278 मैच खेल चुके हैं जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा खेले गए सबसे अधिक मैच हैं। उन्होंने 38.30 की औसत से 5439 रन बनाए हैं। इनमें 24 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। विकेटकीपर के रूप में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है जहां उन्होंने 47 स्टंपिंग और 154 कैच लिए हैं।

यह भी पढ़ें:नेपाल में सियासी भूचाल, बालेन शाह के पद संभालते ही पूर्व पीएम ओली गिरफ्तार, पूर्व गृह मंत्री को भी पकड़ा गया

कप्तानी के मामले में भी धोनी का कोई मुकाबला नहीं है। वे आईपीएल में 100 मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं। उन्होंने कुल 235 मैचों में कप्तानी की हैं। इसमें टीम को 136 जीत और 97 हार मिली है। उनकी अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरी बार 2023 में खिताब जीता था। इस सूची में दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं जिन्होंने 158 मैचों में कप्तानी करते हुए टीम को 87 जीत दिलाई है।

धोनी ने IPL 2023 के फाइनल के बाद 1 जून को मुंबई स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में घुटने की सर्जरी कराई थी। उनकी ये सर्जरी डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला ने की थी। गौरतलब है कि धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था लेकिन आईपीएल में उनके भविष्य को लेकर 2023 से ही अटकलें लगाई जा रही हैं। माना जा रहा है कि 2026 उनका आखिरी सीजन हो सकता है। ऐसे में फैंस उनकी मैदान पर वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:भोपाल के कुठार गांव में खेतों में लगी भीषण आग, 15 एकड़ गेहूं की फसल जलकर हुई खाक