दुबई में खेले गए प्ले ऑफ के पहले क्वालिफायर में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 57 रनों से हरा दिया है। मुंबई इंडियन्स आईपीएल के इतिहास में 6 वीं दफा फाइनल में पहुंच गई है। मुंबई इंडियंस से ज़्यादा बार आईपीएल का फाइनल खेलने वाली चेन्नई सुपरकिंग्स सबसे आगे है। चेन्नई ने अब तक आईपीएल के कुल 8 फाइनल खेले हैं। हालांकि सबसे ज़्यादा आईपीएल खिताब जीतने का रिकॉर्ड मुंबई के नाम है। मुंबई ने चार जबकि चेन्नई ने तीन आईपीएल खिताब जीते हैं। 

क्वालिफायर मुकाबले में दिल्ली ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी करने के लिए बुलाया। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही, रोहित शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए। हालांकि डी कॉक और सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाल लिया। डी कॉक ने 40 और यादव ने 51 रनों की पारी खेली। इसके बाद ईशान किशन ने 30 गेंदों में 55 रन ठोक डाले। अंत में हार्दिक पंड्या के 14 गेंदों में धुआंधार 37 रनों की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने बीस ओवर में 200 का आंकड़ा छू लिया। हार्दिक ने अपनी पारी में 5 छक्के लगाए। 

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम की पारी शुरुआत में ही ढह गई। स्टोइनिस ( 65 ) और अक्षर पटेल ( 42 ) के अलावा कोई बल्लेबाज़ क्रीज़ पर अपने पैर नहीं जमा पाया। लिहाज़ा दिल्ली की टीम बीस ओवर में 143 रन का ही स्कोर ही खड़ा कर सकी। 

अब शुक्रवार को हैदराबाद और बैंगलोर के बीच एलिमिनेटर का मुकाबला खेला जाना है। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम के साथ दिल्ली की भिड़ंत दूसरे क्वालिफायर में होगी। उस मुकाबले को जीतने वाली टीम मुंबई के खिलाफ फाइनल में भिड़ेगी।