गोंदिया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तहत आने वाले गोंदिया स्टेशन पर बड़े निर्माण कार्य के चलते 5 अप्रैल से 24 अप्रैल तक 20 दिनों का मेगा ब्लॉक लागू किया जाएगा। इस अवधि में अप मेन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। जिससे इस रूट पर रेल संचालन गंभीर रूप से प्रभावित होगा और कई ट्रेनें रद्द या आंशिक रूप से संचालित होंगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 पर बने वाशेबल एप्रन को हटाकर उसे बैलेस्टेड ट्रैक में बदला जाएगा। इस तकनीकी कार्य के कारण अप मेन लाइन पर ट्रेनों का संचालन रोकना जरूरी हो गया है। जिसके चलते यह मेगा ब्लॉक लिया गया है।

इस ब्लॉक के दौरान लंबी दूरी की 14 एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी। इनमें छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237/18238) कोरबा से अमृतसर के बीच 5 से 25 अप्रैल तक और अमृतसर से बिलासपुर के बीच 7 से 27 अप्रैल तक नहीं चलेगी। वहीं, गोंडवाना एक्सप्रेस (12409/12410) भी 2 से 24 अप्रैल के बीच अलग-अलग 15 दिनों तक रद्द रहेगी।

इसके अलावा विशाखापत्तनम-निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12807/12808) और एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस (18029/18030, 12101/12102) को भी 4 से 26 अप्रैल के बीच विभिन्न तारीखों पर निरस्त किया गया है। लोकल स्तर पर बल्लारशाह-गोंदिया मेमू और गोंदिया-कटंगी डेमू ट्रेनों का संचालन 5 से 25 अप्रैल तक पूरी तरह बंद रहेगा।

कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस (15231/15232) 4 से 26 अप्रैल के बीच गोंदिया तक नहीं पहुंचेगी और दुर्ग स्टेशन पर ही रोक दी जाएगी। इसी तरह गोंदिया-बल्लारशाह और अन्य पैसेंजर ट्रेनों को 5 से 25 अप्रैल के दौरान गोंदिया की बजाय हिरदामाली स्टेशन से चलाया जाएगा। जबकि, हिरदामाली और गोंदिया के बीच इनका संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।