विदिशा। मध्य प्रदेश के गंजबासौदा स्थित गायत्री नगर में शुक्रवार दोपहर एक हादसे में 65 वर्षीय प्रभु लाल गुप्ता की जान चली गई। वह अपने मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर खड़े थे। तभी पास से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
यह घटना गंजबासौदा नगर के वार्ड नंबर 6 में हुई। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे प्रभु लाल गुप्ता अपने घर की तीसरी मंजिल पर मौजूद थे। इसी दौरान गुटका थूकते समय वह मकान के नजदीक से गुजर रहे बिजली के तारों के संपर्क में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। प्रभु लाल गुप्ता मूल रूप से छतरपुर के रहने वाले थे। वह पिछले करीब 10 सालों से गंजबासौदा में किराए के मकान में रह रहे थे और मिस्त्री का काम करके परिवार का भरण पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें:कूनो में ग्रामीणों ने चीते को लाठी-डंडों से पीटा, गांव में घुसकर बछड़ों का किया था शिकार
हादसे के बाद स्थानीय रहवासियों ने बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि रिहायशी इलाके में मकानों के बेहद करीब से 11 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। इसे हटाने के लिए पहले भी कई बार शिकायतें की गई थी लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। मकान मालकिन पदमा चिढ़ार ने बताया कि उन्होंने घर के पास से गुजर रही बिजली लाइन को हटाने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया था। उनके मुताबिक, अधिकारियों ने लाइन जल्द हटवाने का आश्वासन दिया था लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वार्ड पार्षद मनीष विश्वकर्मा ने क्षेत्र में बिजली लाइनों और उपकरणों के रखरखाव को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इलाके में नियमित मेंटेनेंस नहीं होने से लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। कई जगह बिजली की हाईटेंशन लाइनें घरों के बेहद नजदीक से गुजर रही हैं। पार्षद ने संबंधित विभाग से क्षेत्र की बिजली लाइनों और उपकरणों की जांच कराने तथा जरूरी सुधार करने की मांग की है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी बिजली कंपनी से रिहायशी इलाकों में गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की स्थिति की समीक्षा कर सुरक्षा के इंतजाम करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में पानी की टंकियों में मिली 1600 लीटर शराब, आबकारी विभाग ने 30 से ज्यादा केस दर्ज किए