दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों ने एक लाख के इनामी नक्सली को ढेर करने का दावा किया है। दंतेवाड़ा के एसपी अभिषेक पल्लवन ने इस खबर की पुष्टि की है। मारे गए नक्सली की पहचान जनमिलिशिया कमांडर मुचाकी मासा के रूप में हुई है। शव के पास से सुरक्षा बलों ने हथियार भी बरामद किया है।

सुरक्षा बलों को खबर मिली थी कि सूरनार इलाके में कुछ नक्सली जमा हुए हैं। इस नक्सली मूवमेंट की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों की एक टीम सर्चिंग के लिए निकली। इस दौरान वहां सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई। 

सुरक्षाबलों ने नक्सलियों पर जमकर गोलियां बरसाई। जिसमें एक नक्सली ढेर हो गया है। पुलिस का कहना है कि इस मारे गए नक्सली पर एक लाख का इनाम रखा गया था। नक्सली के पास से एक हथियार भी मिला है। सुरक्षाबल सुरनार इलाके में सर्चिंग में जुटे हैं।

 गौरतलब है कि दंतेवाड़ा में 13 जनवरी को भी पुलिस नक्सली मुठभेड़ हुई थी। चिकपाल और मारजुम गांव के जंगलों में सुरक्षाबलों ने पांच लाख रुपये के इनामी नक्सली को मार गिराने का दावा किया था। मारे गए नक्सली की पहचान कटेकल्याण एरिया कमेटी के सदस्य हिड़मा मुचाकी के रूप में की गई थी। पुलिस ने उसके पास से बड़ी संख्या में नक्सली सामान बरामद करने का दावा भी किया था।