कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद एजेंसियों द्वारा TMC नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बंगाल पुलिस ने देर रात अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास में ताला तोड़कर प्रवेश किया। इसके करीब 4 घंटे तक तलाशी अभियान चला। यह छापेमारी किस मामले में की गई है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पर कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार देर रात 3 बजे छापा मारा। पुलिस टीम सेंट्रल फोर्स के जवानों के साथ पहुंची थी। पुलिस अधिकारी अंदर गए, जवान गेट के बाहर पहरा देते रहे।
शनिवार सुबह घर से बाहर आकर अभिषेक ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी ताला तोड़कर घर में घुसे और हर कमरे की तलाशी ली। अभिषेक बनर्जी के घर छापेमारी ऐसे वक्त की गई जब फर्जी हस्ताक्षर मामले में उनके खिलाफ CID जांच जारी है।
अभिषेक बनर्जी से जुड़ा फर्जी साइन विवाद ही टीएमसी की टूट का कारण बना। ममता ने शिकायत करने वाले 2 विधायकों संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी को पार्टी से निकाल दिया था। इसके बाद 3 मई को पार्टी के 80 में से 58 विधायकों ने बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी का समर्थन कर दिया। उन्हें विपक्ष का नेता चुना गया, जिसे विधानसभा अध्यक्ष से मान्यता भी मिल गई।