दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लूटपाट के दौरान कांग्रेस नेता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र की है। वहां देर रात बाइक सवार चार बदमाशों ने कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप को रोककर लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया और करीब 4 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के निवासी थे। वह गांव के पंच होने के साथ-साथ कांग्रेस के धमधा मंडल कोषाध्यक्ष भी थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। रविवार देर रात प्रकाश सिंह अपने दो साथियों के साथ भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल में एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। वहां से लौटते समय खाना खाने के बाद करीब दो बजे रात को वे बाइक से अपने गांव की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि करहीडीह और चिखली चौक के बीच चार बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक के सामने डंडा अड़ाकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनसे मोबाइल और नकदी छीनने का प्रयास किया। जब प्रकाश सिंह कश्यप ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर लगातार चाकू से कई वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उनका मोबाइल और करीब 4 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गए।
हमले के दौरान बाइक पर पीछे बैठे दोनों साथी किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रकाश सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। सोमवार दोपहर मॉर्चुरी हाउस और अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि धमधा रोड पर नियमित पुलिस गश्त नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हुई हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और उनकी पहचान होते ही गिरफ्तारी की जाएगी।