नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार आरजेडी चीफ लालू यादव से मुलाकात की। इस दौरान सोनिया गांधी ने काफी समय से अस्वस्थ चल रहे लालू यादव का हालचाल जाना। लालू यादव की बड़ी बेटी और पाटलिपुत्र से सांसद मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर यह मुलाकात हुई। इस दौरान लालू के छोटे बेटे तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। 

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन की रामलीला मैदान रैली के अगले दिन सोनिया गांधी ने लालू यादव से इस मुलाकात को अहम मानी जा रही है। हालांकि, कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। बीते दिनों में सोनिया गांधी ने लालू यादव से फोन पर बात की थी। तब उन्होंने कहा था कि वो मिलने आएंगी।

लालू यादव और सोनिया गांधी की इस मुलाकात पर तेजस्वी यादव की भी प्रतिक्रिया आई है। तेजस्वी यादव ने कहा कि चेक-अप के लिए लालू जी दिल्ली आए हुए हैं। मैंने सोनिया जी को बताया था तो उन्होंने कहा कि वो मिलने आएंगी। मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि लालू यादव और सोनिया गांधी का पुराना रिश्ता है। विपरीत परिस्थितियों में दोनों ने एक दूसरे की मदद की है। दोनों की मुलाकात को काफी समय हो गया था। इसलिए वो आज लालू जी की तबीयत की जानकारी लेने आई थीं। उन्होंने लालू जी को अपना ख्याल रखने को कहा।

वहीं, रविवार को रामलीला मैदान में हुई इंडिया गठबंधन की रैली के बाद आगे की आगे की रणनीति को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि पूरे देश में हमें मिलकर चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। जब तक हम एकजुट नहीं होंगे तब तक लड़ाई नहीं जीत सकते। कल हम एकजुट हुए। कल का कार्यक्रम अंतिम नहीं था। जब तक ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई नहीं होती तब हम लोग चुप बैठने वाले नहीं हैं।