रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना का कहर जारी है। बीते 24 घंटे में राज्य में 3842 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले है। जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 81,617 हो गई है। वहीं 44,392 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 645 है। वहीं 36,580 एक्टिव मरीजों का इलाज अस्पतालों में जारी है।

रायपुर में 672 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। राजधानी में कुल संक्रमितों की संख्या 26,119 हो गई है। शहर के हर इलाके में कोरोना मरीज मिल रहे हैं। रायपुर में अब तक 301 मरीजों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ा है। रायपुर में बढ़ते मरीजों की संख्या के चलते एक बार फिर लॉकडाउन का फैसला लिया गया है। इसके लिए रायपुर में एक उच्च स्तरीय बैठक में एक सप्ताह के टोटल लॉकडाउन का फैसला लिया है। 

 दवा दुकान, पेट्रोल पंप, सिलेंडर दुकान खुलेंगी, बाकी सब बंद

राजधानी रायपुर में एक हफ्ते का टोटल लॉकडाउन लगाया जा रहा है। यह लॉकडाउन सोमवार 21 सितंबर की रात 9 बजे से 28 सितंबर की रात 12 बजे तक रहेगा। इस दौरान सब कुछ बंद रहेगा। जनता के बाहर निकलने पर रोक रहेगी। रायपुर कलेक्टर एस भारती दासन से मिली जानकारी के अनुसार सिर्फ सुबह और शाम डेढ़ घंटे के लिए दूध की सप्लाई होगी। दवाई की दुकानें, पेट्रोल पंप और एलपीजी सिलेंडर की दुकानें खुलेंगी। इनके अलावा बाकी सभी दुकानें और बाजार बंद रखा जाएगा। इस दौरान शहर में किराना दुकानें, सब्जी बाजार टोटल बंद रखे जाएंगे।

Click Corona in Raipur: रायपुर की हर गली मोहल्ले में कोरोना संक्रमण

वहीं 20 तारीख को लगने वाला साप्ताहिक लॉकडाउन को शिथिल करने का फैसला लिया गया है। रविवार को बाजार खुलेगा जिससे लोग खरीददारी कर सकें। रायपुर कलेक्टर का कहना है कि सोमवार 21 सितंबर की रात से लॉकडाउन है इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। कलेक्टर ने व्यापारियों से अपील की है कि किसी तरह की कालाबाजारी, ओवर रेटिंग ना की जाएं, लोगों को सेवाएं दें। 

वहीं पेट्रोल पंप में एंबुलेंस, सरकारी वाहन, मेडिकल एमरजेंसी के प्राइवेट वाहनों को ही पेट्रोल मिलेगा। एसएसपी अजय यादव से मिली जानकारी के अनुसरा शहर में 23 प्वाइंट बनाए गए हैं। इस लॉकडाउन के दौरान जिले की सीमा भी सील रहेगी। साथ ही राजधानी के 40 स्थानों पर बैरीकेडिंग की जाएगी। पुलिस थाना वार पेट्रोलिंग करेगी।

रायपुर के साथ ही बालोद जिला प्रशासन ने भी 22 से 30 सितंबर तक पूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया है। बालोद कलेक्टर ने महामारी रोग अधिनियम के तहत नगरीय निकायों के साथ प्रभावित ग्राम पंचायतों में इस लागू करने का फैसला लिया है। वहीं बेमेतरा में 13 सितंबर से 20 सितंबर तक संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। मुंगेली के शहरी इलाकों में 17 जारी टोटल लॉकडाउन 23 सितंबर तक रहेगा। वहीं दुर्ग और राजनांदगांव में भी लॉकडाउन किया गया।प्रदेश के अन्य जिलों में भी लॉकडाउन की मांग की जा रही है।