रायपुर। छत्तीसगढ़ के 10 कांग्रेस नेताओं को मध्य प्रदेश में कांग्रेस को जिताने की जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश के 10 कांग्रेस नेताओं को मध्य प्रदेश में उपचुनाव में ऑब्जर्वर बनाया गया है। इनमें 4 मंत्री भी शामिल हैं। आल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, मंत्री शिव डहरिया, मंत्री उमेश पटेल और मंत्री अमरजीत भगत को मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है।

वहीं विधायक सत्यनारायण शर्मा, धनेंद्र साहू, विकास उपाध्याय को मध्य प्रदेश में चुनावी रणनीति बनाने का जिम्मा मिला है। सांसद फूलोदेवी नेताम, नगर निगम सभापति प्रमोद दुबे, NSUI के अध्यक्ष आकाश शर्मा को ऑब्जर्वर बनाया गया है। छत्तीसगढ़ के ये सभी नेता मध्य प्रदेश में कांग्रेस को भारी मतों से जिताने की अपील करते नजर आएंगे। 

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तैयारिया जोरों पर हैं। बीजेपी, कांग्रेस, बसपा समेत दूसरी राजनीतिक पार्टियां भी तबाड़तोड़ प्रचार प्रसार में लगी हैं। पार्टियां अपनी जीत की हर संभव कोशिश में लगी हैं। उपचुनाव में रियल और वर्चुअल दोनों तरह का प्रचार-प्रसार जारी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी नेता मध्य प्रदेश के चुनावी समर में प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी उठाते नजर आएंगे। 

मध्य प्रदेश में 3 नवंबर को 28 सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग होगी। नतीजे 10 नवंबर को आएंगे। छत्तीसगढ़ में केवल एक मरवाही सीट के लिए ही उपचुनाव होने वाला है।