नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल प्रशासन ने कांग्रेस नेत्री की हेल्थ अपडेट जारी किया है। इसमें बताया गया कि सोनिया गांधी को सोमवार रात करीब 10:00 बजे सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार, सोनिया गांधी को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। मेडिकल जांच में पाया गया कि ठंडे मौसम और प्रदूषण के मिले-जुले असर के कारण उनका ब्रोंकियल अस्थमा थोड़ा बढ़ गया था। एहतियात के तौर पर, उन्हें आगे की निगरानी और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।

डॉ. अजय स्वरूप ने बताया फिलहाल, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की हालत बिल्कुल स्थिर है। उनका इलाज चल रहा है और वो अच्छी प्रतिक्रिया दे रही हैं। उन्हें एंटीबायोटिक्स और अन्य सहायक दवाएं दी जा रही हैं। उन्हें डिस्चार्ज करने का फैसला इलाज करने वाले डॉक्टर उनकी क्लिनिकल प्रोग्रेस के आधार पर लेंगे। ऐसी संभावना है कि एक या दो दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।