रायपुर। धरसींवा इलाके के कूंरा नगर स्थित एक घर में गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि उसने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में हुआ। जहां सिलेंडर में लगी आग से कई कच्चे घर जल गए। आग ने पांच घरों को अपनी जद में ले लिया। दरअसल शुक्रवार को महिला घर में खाना बना रही थी, उसी वक्त लीकेज की वजह से ब्लास्ट हो गया और आग लग गई। 

आग की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। ग्रामीणों की सूचना पर 112 की टीम और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल की चार गाडिय़ों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि जिस कच्चे घर में आग लगी वह फैक्ट्री मजदूर का घर था। मजदूर की पत्नी खाना बना रही थी, उसी दौरान घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने 5 गरीबों के कच्चे मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल मजदूर गंगाराम और उसके पड़ोसी को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती किया गया। इस हादसे में पांच मजदूर परिवारों के घर और पूरी गृहस्थी बरबाद हो गई है। मजदूरों ने शासन प्रशासन से सहायता की मांग की है।