नई दिल्ली। दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सोमवार को I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने इसमें 23 राजनीतिक दलों के शामिल होने की पुष्टि की है। कांग्रेस का कहना है कि अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के बावजूद विपक्षी गठबंधन एकजुट है। 'I.N.D.I.A. जनबंधन' नाम से हो रही इस बैठक में गठबंधन की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसमें 2029 के लोकसभा चुनावों की तैयारी और अहम राजनीतिक मुद्दों पर तालमेल शामिल है।
सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी इस बैठक में पहुंची हैं। बैठक में जम्मू-कश्मीर CM उमर अब्दुल्ला, सांसद अभिषेक बनर्जी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत कई भी मौजूद हैं। वहीं, शिवसेना (UBT) चीफ उद्धव ठाकरे ऑनलाइन जुड़े हैं।
कांग्रेस ने बैठक में 23 विपक्षी दलों के शामिल होने का दावा किया है। अटकलें थीं कि तमिलनाडु में विजय की सरकार में शामिल होने के बाद TVK को बैठक में बुलाया जा सकता है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उन्हें बैठक का न्योता नहीं दिया गया है। यह बैठक विपक्ष की एकजुटता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, क्योंकि गठबंधन में शामिल पार्टियां मौजूदा सरकार के खिलाफ आपसी सहयोग को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
आज होने वाली विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक से पहले दिल्ली के कई गोल-चक्करों पर कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को निशाना बनाने वाले पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के बारे में विपक्ष के नेताओं - जिनमें एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन और आप (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शामिल हैं और उनके बयानों को दिखाया गया है।