भारत ने न्यू चंडीगढ़ में खेले गए टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन के विशाल अंतर से हराकर इतिहास रच दिया है। यह टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इसी मुकाबले में अपना पहला टेस्ट खेल रहे 23 वर्षीय स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा और रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है। सुथार ने मैच में कुल 7 विकेट हासिल किए थे। जिसकी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मुकाबले में भारतीय टीम ने पहली पारी में 8 विकेट पर 564 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रन पर सिमट गई। जिसके बाद उसे फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरी पारी में भी अफगानिस्तान के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके और पूरी टीम सिर्फ 112 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने मुकाबला पारी और 300 रन से अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़ें:BRICS कृषि मंत्रियों की बैठक में खाद्य सुरक्षा पर मंथन, इंदौर में जुटेंगे 20 देशों के प्रतिनिधि
अफगानिस्तान की दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए थे। जबकि, कुलदीप यादव ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। डेब्यू कर रहे मानव सुथार और मोहम्मद सिराज को एक-एक सफलता मिली थी। पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले सुथार ने मैच में कुल 7 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ भारत ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले टीम इंडिया की सबसे बड़ी टेस्ट जीत 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज के खिलाफ पारी और 272 रन के अंतर से आई थी। अब पारी और 300 रन की जीत भारतीय टेस्ट इतिहास की नई सबसे बड़ी जीत बन गई है।
यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट के लिए एक और मायने में भी खास रहा। टेस्ट क्रिकेट में यह भारत की 599 मैचों में 186वीं जीत थी। इसके साथ ही भारत ने सबसे ज्यादा टेस्ट जीत दर्ज करने के मामले में वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ दिया है। वेस्टइंडीज ने 592 टेस्ट मैचों में 185 जीत हासिल की हैं। इस सूची में अब भी ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका भारत से आगे हैं। भारत की यह जीत एशियाई टीमों की सबसे बड़ी जीतों में भी शामिल हो गई है। पारी और 300 रन का अंतर एशियाई देशों के लिए दूसरी सबसे बड़ी टेस्ट जीत है। इस सूची में शीर्ष स्थान पाकिस्तान के नाम है। उन्होंने साल 2002 में लाहौर में न्यूजीलैंड को पारी और 324 रन से हराया था।
यह भी पढ़ें:ईंधन के बढ़ते दामों के खिलाफ भोपाल में ऑटो चालकों का अनोखा प्रदर्शन, फटे अंडरवियर दिखाकर जताया विरोध
वहीं, अफगानिस्तान के लिए यह मुकाबला कई मायनों में निराशाजनक रहा। टेस्ट क्रिकेट में उसे अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले उसकी सबसे बड़ी हार भी भारत के खिलाफ ही 2018 में बेंगलुरु में पारी और 262 रन से हुई थी। दूसरी पारी में 112 रन का स्कोर अफगानिस्तान का टेस्ट इतिहास में तीसरा सबसे कम स्कोर भी बन गया। इससे पहले वह भारत के खिलाफ ही 103 और 109 रन पर ऑलआउट हो चुकी है।
मैच के सबसे बड़े नायकों में शामिल मानव सुथार ने अपने डेब्यू टेस्ट को यादगार बना दिया। उन्होंने पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट लिए थे। यह किसी भारतीय गेंदबाज का डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस सूची में पहला स्थान नरेंद्र हिरवानी के नाम है। उन्होंने साल 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 61 रन देकर 8 विकेट लिए थे। सुथार ने 1967 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आबिद अली के 55 रन देकर 6 विकेट लेने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
मानव सुथार भारत के लिए टेस्ट डेब्यू में पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले 10वें गेंदबाज और सातवें स्पिनर बने हैं। वह इस सदी में अमित मिश्रा के बाद डेब्यू टेस्ट की पारी में फाइव विकेट हॉल लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज भी हैं। अमित मिश्रा ने साल 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। सुथार का 33 रन देकर 6 विकेट लेने का प्रदर्शन टेस्ट क्रिकेट में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है। इस सूची में शीर्ष पर वेस्टइंडीज के रकीम कॉर्नवाल हैं। उन्होंने 75 रन लुटाकर 7 विकेट हासिल किए थे।
यह भी पढ़ें:फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का जोरदार भूकंप, 1 की मौत, सुनामी की चेतावनी