रायपुर। पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की दिशा मे छत्तीसगढ़ में एक नया नवाचार किया जा रहा है। प्रदेश में पर्यावरण पर होने वाले दुष्प्रभावों पर नजर रखने के लिए स्टेट ग्रीन काउंसिल के गठन का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ग्रीन काउंसिल के अध्यक्ष बनेंगे। प्रदेश के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर और सीएम के सलाहकार प्रदीप शर्मा इस ग्रीन काउंसिल के उपाध्यक्ष के तौर पर कार्य करेंगे। इसमें सदस्य सचिव और तकनीकी सलाहकार के अलावा 12 सदस्यों को नियुक्त किया जाएगा। ग्रीन काउंसिल पर्यावरण संरक्षण और पर्यावरण के विकास के लिए कार्य करेगा।

सीएम भूपेश बघेल ने मुख्य सचिव को इस ग्रीन काउंसिल के गठन की कार्रवाई जल्द से जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसका कार्यालय लघु वनोपज संघ के दफ्तर में लगाया जाएगा। इसके रिजनरेटिव डेवलपमेंट कार्य के लिये वन विभाग को प्रशासकीय विभाग बनाया जा रहा है।

जलवायु परिवर्तन और धरती के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। जिसके दुष्परिणामों से बचने के लिए पुनर्योजी और सतत विकास ही एक मात्र विकल्प है। पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति की रक्षा के साथ-साथ साधनहीन समुदाय की आय में वृद्धि एवं कृषि के क्षेत्र में उन्नति का कार्य किया जा रहा है।