नई दिल्ली/भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व मिलने की अटकलों के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शुक्रवार देर रात भोपाल से लेकर दिल्ली तक उनके आवासों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। भोपाल में 74 बंगला स्थित बी-8 आवास के चारों ओर पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग की है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है।
शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ाए जाने की सूचना सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई कि उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना जा रहा है। हालांकि, अब खबर आई है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से खतरे की आशंका को देखते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI शिवराज सिंह चौहान की जानकारी जुटा रही थी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में मध्य प्रदेश के डीजीपी और दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त को शिवराज चौहान की सुरक्षा पुख्ता करने का निर्देश भेजा है। सुरक्षा अलर्ट के बीच केंद्रीय मंत्री शनिवार सुबह भी पौधारोपण करने के लिए स्मार्ट सिटी पहुंचे।
चौहान ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर लिखा है, 'प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प के क्रम में आज भोपाल स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में अपने भांजे-भांजियों और भाई-बहनों के साथ पौधा रोपा। पौधरोपण जीवन रोपने जैसा है। भविष्य की पीढ़ियों को एक बेहतर वातावरण देने के लिये, आइये हम सब मिलकर पौधे लगाएँ और अपनी धरती को हरा-भरा व समृद्ध बनाएं।'
बता दें कि शिवराज सिंह चौहान पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा में हैं। भारत में Z+ को सर्वोच्च श्रेणी की सुरक्षा मानी जाती है। इसमें 10 से ज्यादा NSG कमांडो सिक्योरिटी कवर देते हैं। साथ ही 55 प्रशिक्षित जवान भी सुरक्षा में होते हैं। सुरक्षा में लगा हर कमांडो मार्शल आर्ट का एक्सपर्ट होता है।