मुंगेली। अमोरा गांव में बारिश कहर बनकर टूट पड़ी। गांव में अचानक मनियारी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ आ गई। जिसके बाद लोगों को अपने घरों की छतों में रात बितानी पड़ी। बाढ़ की सूचना पर रायपुर से पहुंची SDRF की टीम रात होने की वजह से लोगों का रेस्क्यू नहीं कर पाई। जिसके बाद लोगों को अपने घरों की छतों पर रात बिताई। बुधबार सुबह रेस्क्यू टीम ने 6 महिला, 4 बच्चे और 13 पुरुष समेत कुल 23 लोगों को सुरक्षित निकाला।

 दरअसल अमोरा इलाके का रावणभाटा गांव मनियारी नदी से चारों तरफ से घिरा हुआ है। जहां मंगलवार शाम अचानक अधिक पानी आ गया। स्थानीय लोग अपने जानवरों को बचाने के चक्कर में बाढ़ के पानी में फंस गए।

गौरतलब है कि तखतपुर-कोटा ब्लॉक के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। दो दिनों से लगातार बारिश और खुड़िया जलाशय से मनियारी नदी में पानी छोडने की वजह से तखतपुर और कोटा ब्लॉक के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बारिश की वजह से बिलासपुर -मुंगेली सड़क संपर्क टूट गया है। वहीं तखतपुर शहर के जौनपुर इलाके और अचानकपुर गांव से 215 व्यक्तियों को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।