रायपुर। शनिवार सुबह मंदिर हसौद इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस एक्सिडेंट में बस सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में 65 से यात्री घायल हैं। घायलों में से 5 की हालत बेहद गंभीर है। इस बस में 75 यात्री सवार थे। ये सभी मजदूर हैं, जो कि ओडिशा के गुंजाम जिले के निवासी हैं। इस हादसे के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर फरार हो गया। घायलों को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गृहमंत्री तामृध्वज साहू ने इस हादसे पर प्रदेश के शोक जताया है, और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था का आश्वासन दिया है।





ओडिशा से गुजराज जा रहे थे मजदूर, कंपनी ने भेजी थी बस



ये सभी मजदूर ओडिशा से गुजरात के सूरत जा रहे थे। इन्हे सूरत के कपड़ा व्यवसायी ने बस भेजकर नौकरी पर दोबारा बुलाया था। कोरोना लॉकडाउन के दौरान काम बंद होने से ये सभी मजदूर गुजरात से ओडिशा लौट आए थे। और अब मालिक के बुलाने पर दोबारा काम करने गुजरात लौट रहे थे। कपड़ा व्यवसाई ने ही मजदूरों को लाने के लिए बस भेजी थी, तभी रायपुर में ये हादसा हो गया।





कई घायलों के हाथ-पैर हो गए हैं शरीर से अलग



बस और ट्रक में भिड़ंत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद एक मजदूर का शव ट्रक ड्राइवर के केबिन पर जा गिरा जहां से पुलिस ने उसे निकाला। घायल मजदूरों को इलाज के लिए रायपुर के सरकारी अस्पताल भर्ती किया गया है। बस में सो रहे मजदूरों का कहना है कि अचानक से तेज धमाका हुआ। और उनकी नींद खुली। देखा तो चारों ओर लोग दर्द से कराह रहे थे। पुलिस से मिजी जानकारी के अनुसार बस में यात्रियों के हाथ-पैट कट गए हैं। लोगों को पहचानना मुश्किल हो रहा है। कुछ मजदूर बस की खिड़की से निकलने की कोशिश कर रहे थे। सभी 65 घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस आरोपी ट्रक डायवर की तलाश में जुटी है।