नई दिल्ली। देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबियत बिगड़ने की खबर है। सोमवार को उन्हें एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया। वे सुबह वाशरूम में बेहोश होकर गिर पड़े थे। उन्हें पहले गुरुग्राम के मेदांता हास्पिटल ले जाया गया। उसके बाद दोपहर दो बजे एम्स लाया गया। यहां कार्डियोलॉजी विभाग में उन्हें भर्ती कराया गया हैं, जहां उनका उपचार चल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि 10 जनवरी को धनखड़ को वॉशरूम में दो बार बेहोशी का दौरा पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक AIIMS में उनका एमआरआई किया जाएगा। दरअसल, उन्हें हृदय से संबंधित पहले से समस्या है। वे पहले भी कई बार सार्वजनिक कार्यक्रमों में बेहोश होते रहे हैं, जिसमें कच्छ का रण, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली की घटनाएं शामिल हैं। 

उपराष्ट्रपति रहने के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें AIIMS लाया गया था। उस दौरान इंजियोप्लाटी भी की गई थी। इसके बाद एक-दो बार एम्स में ही भर्ती कर उनका इलाज चला। इस बार भी जब फिर से बेहोश हुए तो पहले नजदीकी अस्पताल में आपात चिकित्सा दी गई। उसके बाद दोपहर में एम्स लाया गया। फिलहाल उनकी तबियत स्थिर है और वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

जगदीप धनखड़ ने पिछले साल खराब सेहत का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति के पद इस्तीफा दे दिया था। धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखे एक पत्र में कहा था कि मेडिकल सलाह के बाद स्वास्थ्य कारणों से वह तुरंत प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। हालांकि, तब केंद्र सरकार से उनकी नाराजगी की भी खबरें आई थी। इसके बाद से वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक-दो बार ही शामिल हुए हैं।