भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित IIT भिलाई में पढ़ाई कर रहे MP के नर्मदापुरम के एक छात्र की 11 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह आईआईटी भिलाई में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के बीटेक फर्स्ट सेमेस्टर का स्टूडेंट था। इसी साल उसने एडमिशन लिया था। छात्र की मौत पर उसके साथी भड़क गए और उन्होंने कैंपस में जमकर हंगामा किया।

मामला जेवरा पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे IIT कैंपस में सौमिल साहू (18) की तबीयत अचानक बिगड़ी। जिसके बाद उसे सुपेला के स्पर्श अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मिर्गी का दौरा पड़ने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस घटना को लेकर देर रात स्टूडेंट्स का गुस्सा फूट पड़ा। रात 12 बजे से लेकर 2 बजे तक छात्र कैंपस में हंगामा करते रहे। इस दौरान उन्होंने प्रबंधन से व्यवस्थाओं की कमी को लेकर आक्रोश जताया।उनका कहना था कि यहां पर आज तक कोई व्यवस्था नहीं है। पांचवां दीक्षांत समारोह तो मना लिया, लेकिन विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं है। अगर छात्र को समय पर बेहतर इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच जाती।

मूल रूप से नर्मदापुरम की साई दर्शन सोसाइटी निवासी सौमिल के पिता वीरेंद्र साहू सिक्योरिटी पेपर मील (SPM) में कर्मचारी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन नर्मदापुरम से भिलाई पहुंचे। पीएम के बाद वो शव लेकर घर के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सौमिल साहू भिलाई शहर के शांति नगर में रहता था। दीपावली में वह घर भी गया था।

मृतक छात्र के पिता वीरेंद्र साहू ने बताया कि 10 नवंबर को उसे बुखार आया था। 11 नवंबर की सुबह भिलाई में रहने वाले भांजे दामाद को हमने उसे देखने के लिए भेजा। उसे स्पर्श अस्पताल सुपेला में भर्ती कराया था। पिता के मुताबिक, बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारण की अच्छी तरह से जांच होना जरूरी है।