बेरोजगारी से परेशान होकर अस्पताल में युवक ने लगाई फांसी, लोगों की सतर्कता से बची जान
पन्ना जिला अस्पताल में बुधवार को बेरोजगारी से परेशान युवक ने बच्चा वार्ड की छत पर फांसी लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्डों और लोगों ने फंदा काटकर उसे समय रहते बचा लिया।
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिला अस्पताल में बुधवार को एक युवक ने बच्चा वार्ड की छत पर पहुंचकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। युवक ने तौलिए का फंदा बनाकर खुद को लटका लिया था। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड और स्थानीय लोगों की तत्परता से उसकी जान बचा ली गई। घटना के तुरंत बाद युवक को अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया। फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आलोक गुप्ता के मुताबिक, युवक अचानक बच्चा वार्ड की छत पर चढ़ गया और वहां फंदा बनाकर लटक गया। कुछ ही देर में नीचे मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनते ही अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मी और आसपास के लोग तेजी से छत की ओर पहुंचे। सभी ने मिलकर फंदा काटा और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। समय रहते बचाव होने से बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें:इंदौर में 13 साल की बच्ची की 42 वर्ष के अधेड़ से कराई शादी, दुल्हा सहित 13 लोगों पर FIR
घटना के बाद युवक को तत्काल ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और लगातार निगरानी की जा रही है। इलाज के दौरान होश में आने पर युवक की पहचान छोटी महोड निवासी देवीदीन दुबे के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि वह लंबे समय से बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा था। लगातार काम नहीं मिलने के कारण वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन में चला गया था। इसी परेशानी और निराशा के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें:ट्विशा शर्मा केस: शव का नहीं होगा दोबारा पोस्टमार्टम, आरोपी पति पर 30 हजार का इनाम घोषित
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, युवक का केवल शारीरिक उपचार ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उसकी काउंसलिंग भी कराई जा रही है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसकी मानसिक स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं, मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। जिसके बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।




