नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने दिवाली और दशहरा से पहले केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 परसेंट की बढ़ोतरी कर दी है। यह इजाफा एक जुलाई से लागू होगा। कर्मचारियों को 3 महीने का एरियर मिलेगा। पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में बुधवार को यह फैसला लिया गया। 

कैबिनेट के फैसले के बाद अब कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर 58% हो जाएगा। इसका लाभ 49.2 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.7 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। इससे केंद्र सरकार के खजाने पर 10,084 करोड़ रुपए का भार आएगा।

इससे पहले मार्च 2025 में महंगाई भत्ते में 2% की बढ़ोतरी की गई थी। तब यह 7 साल में सबसे कम इजाफा था। आमतौर पर महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी 3% से 4% के बीच होती है, लेकिन उस वक्त बढ़ोतरी सिर्फ 2% की गई थी। बहरहाल अब इसमें तीन फीसदी की बढ़ोतरी की गई है।

महंगाई बढ़ने के बावजूद सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारकों के जीवन स्तर को बनाए रखने के लिए महंगाई भत्ता यानी, DA दिया जाता है। DA की दरें ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आधार पर तय होती हैं, और यह हर 6 महीने में अपडेट होती है। 

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 57 नए केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी दी गई है। इसमें से 7 गृह मंत्रालय के अंतर्गत आएंगे। वहीं 50 विद्यालयों को राज्य सरकार संभालेगी। इनमें से 20 स्कूल उन जिलों में खोले जाएंगे जहां पहले से कोई केंद्रीय विद्यालय नहीं है।