अहमदाबाद। टी20 वर्ल्ड कप के 36वें मैच में टीम इंडिया ने नीदरलैंड को 36 रनों से मात दे दी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नीदरलैंड को 194 लक्ष्य दिया था। इसके जवाब में नीदरलैंड 7 विकेटों के नुकसान पर निर्धारित 20 ओवरों में केवल 176 रन ही बना सकी। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए वरुण चक्रवर्ती को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए थे लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने तेज अंदाज में 18 रन बनाकर रनगति संभाली। मध्यक्रम में तिलक वर्मा ने 31 और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 34 रन की उपयोगी पारियां खेलकर पारी को स्थिरता दी। असली तेजी शिवम दुबे ने दी जिन्होंने 31 गेंदों में 66 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने चार चौके और छह छक्के लगाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हार्दिक पंड्या ने भी 21 गेंदों में 30 रन का योगदान दिया था। जबकि, रिंकू सिंह 6 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। अतिरिक्त रन के रूप में भारत को 8 रन मिले और टीम 193 के लड़ने लायक स्कोर तक पहुंच सकी।
नीदरलैंड की ओर से गेंदबाजी में लोगन वान बीक सबसे सफल रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके थे। जबकि, आर्यन दत्त ने 2 बल्लेबाजों को आउट किया था। हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने डच गेंदबाजों पर लगातार दबाव बना रहा था।
194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड टीम की शुरुआत ठीक रही थी लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाए रखी। बास डी लीडे ने सर्वाधिक 33 रन बनाए लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका था। जैसे जैसे रनरेट बढ़ता गया वैसे वैसे डच टीम दबाव में आती गई और निर्धारित ओवरों में 176 रन तक ही पहुंच सकी।
भारतीय गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती सबसे प्रभावी साबित हुए। उन्होंने 3 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 3 विकेट झटके और मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। शिवम दुबे ने भी गेंद से योगदान देते हुए 3 ओवर में 2 विकेट हासिल किए थे। जसप्रीत बुमराह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 17 रन देकर 1 विकेट लिया था। जबकि, हार्दिक पंड्या को भी एक सफलता मिली थी। अर्शदीप सिंह और वॉशिंगटन सुंदर ने भले विकेट नहीं लिए लेकिन दबाव बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।