अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में नामी बिल्डर और कारोबारी अंकित अग्रवाल को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्हें यह धमकी व्हाट्सऐप कॉल और वॉयस नोट के जरिए दी गई है। कारोबारी की शिकायत के बाद पुलिस और साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि गैंग के नाम का इस्तेमाल कर डर पैदा कर वसूली की कोशिश की गई हो सकती है। हालांकि, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कॉल करने वालों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।
कारोबारी अंकित अग्रवाल के अनुसार 11 फरवरी को उनके व्हाट्सऐप नंबर पर तीन अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल और मैसेज आए थे। उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किए तो कॉल करने वाले ने करीब दो मिनट का वॉयस नोट भेजा। वॉयस नोट भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए अपना नाम हरि बॉक्सर बताया और सीधे तौर पर 10 करोड़ रुपये की मांग रखी। उसने कहा कि रकम दो दिन के भीतर पहुंच जानी चाहिए नहीं तो अंजाम गंभीर होगा।
यह भी पढ़ें:T-20 World Cup: टीम इंडिया पर टूटा मुसीबतों का पहाड़, चोटिल हुए धाकड़ सलामी बल्लेबाज ईशन किशन
वॉयस नोट में आरोपी ने कारोबारी को डराने के लिए उनके परिवार और व्यवसाय से जुड़ी कई निजी जानकारियां भी बताई। उसने कहा कि उसे अंकित अग्रवाल के मेसी ट्रैक्टर एजेंसी और बंसल कैपिटल ग्रुप से जुड़े कारोबार की पूरी जानकारी है। इसके साथ ही स्टेशन रोड स्थित उनके घर, परिवार के सदस्यों, उनकी आवाजाही, इस्तेमाल की जाने वाली गाड़ियों तथा रॉयल ग्रीन नाम से कॉलोनी डेवलपमेंट और मैन सिटी में पेट्रोल पंप तक की जानकारी होने का दावा किया। आरोपी ने यह भी कहा कि उसे घर की लोकेशन और तस्वीर तक उपलब्ध है।
धमकी देने वाले ने वॉयस नोट में कारोबारी को जल्द संपर्क करने की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कॉल नजरअंदाज किया गया, नंबर बदला गया या फोन बंद किया गया तो नुकसान दोगुना होगा। उसने यह भी कहा कि गैंग जिस व्यक्ति को कॉल करता है उससे पैसे लिए बिना नहीं छोड़ता। आरोपी ने धमकी देते हुए यह भी कहा कि फिलहाल 10 करोड़ रुपये चाहिए और भविष्य में 20 करोड़ रुपये की और मांग की जा सकती है।
यह भी पढ़ें:रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 18.45 लाख नकद के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद अंकित अग्रवाल ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने धमकी देने वाले तीनों अंतरराष्ट्रीय नंबरों का उल्लेख किया है। पुलिस ने शिकायत मिलते ही साइबर सेल की मदद लेते हुए कॉल करने वालों की लोकेशन, नेटवर्क स्रोत और डिजिटल ट्रेल की जांच शुरू कर दी है।
इसी दौरान शहर के एक अन्य व्यापारी बलबीर खुराना ने भी पुलिस को बताया कि उन्हें भी एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया था। हालांकि, उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या अन्य व्यापारियों को भी इसी तरह के धमकी भरे कॉल या मैसेज मिले हैं।
यह भी पढ़ें:अशोकनगर में MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 करोड़ के मादक पदार्थ के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
अशोकनगर के एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह कंवर ने बताया कि फिलहाल एक आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पुष्टि करना जरूरी है कि धमकी वास्तव में गैंग की ओर से दी गई है या किसी ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर डर का माहौल बनाने की कोशिश की है। पुलिस तकनीकी जांच के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड, इंटरनेट रूट और डिजिटल सबूतों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।