नई दिल्ली। पिछले कुछ वर्षों में भारत में 36,400 से अधिक लोगों की नौकरी चली गई है। एक अंग्रेजी वेबसाइट ने अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक लीडो लर्निंग, सुपर लर्न, गो नट्स सहित कुल नौ कम्पनियों ने अपने सभी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। जबकि गो मैकेनिक, फेबल केयर सहित कुल पांच कंपनियों ने अपने 70-75 फीसदी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। 

भारत में सबसे अधिक कर्मचारियों को निकालने की सूची में Byjus पहले नंबर पर है। Byjus ने अपने लगभग चार हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। वहीं जून 2020 में पैसा बाजार ने अपना वर्क फोर्स आधा करते हुए करीब पंद्रह सौ कर्मचारी नौकरी से निकाल दिए थे। 

Swiggy ने मई 2020 से अब तक लगभग 2,880 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। हालांकि zomato ने swiggy की तुलना में इस अवधि में सिर्फ 620 कर्मचारियों को ही निकाला है। ओला ने इस अवधि में चार बार कर्मचारियों को निकाला। जनवरी 2023 में निकाले गए दो सौ कर्मचारियों को मिलाकर ओला ने पिछले तीन वर्षों में 2800 कर्मचारियों को निकाला। 

इसके परे वैश्विक स्तर पर पांच सौ से अधिक टेक कंपनियों ने कुल एक लाख 48 हजार कर्मचारियों को निकाला है। अकेले अमेजन ने पहले 18 हजार और बाद में 9 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। वर्ष 2022 में टेक कम्पनियों ने लगभग एक लाख साठ हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जबकि इस साल की शुरुआत भी कर्मचारियों के लिए अच्छी साबित नहीं हुई।