नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी बारिश जारी है। उत्तराखंड में शनिवार से भारी बारिश जारी है। बारिश के कारण चारधाम यात्रा भी अगले 24 घंटे के लिए रोक दी गई है। यात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में ही रोकने के आदेश दिए गए हैं।
उत्तरकाशी में यमुनोत्री मार्ग पर बादल फटने की खबर आई है। बदल फटने के बाद निर्माणाधीन होटल में काम करने वाले 8 से 9 मजदूर लापता हैं। यहां बागेश्वर में सरयू नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया है। अलकनंदा और सरस्वती भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि आमतौर पर यह 8 जुलाई तक होता है, लेकिन इस बार मानसून 9 दिन पहले ही पूरे देश में फैल गया। देशभर में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, केरल में भारी बारिश के कई नदियों का जलस्तर बढ़ा गया है। राज्य के पलक्कड़ और पथानामथिट्टा जिलों के बांधों के गेट खोले गए हैं। निचले इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने कहा- आज केरल तटीय इलाकों में 2- 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना है।