मुंबई। रूस यूक्रेन युद्ध की शुरुआत के बाद से ही शेयर बाजार में शुरू हुआ गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शेयर बाजार में कारोबारी हफ्ते के पहले दिन भारी गिरावट दर्ज की गई। बाजार खुलते ही सेंसेक्स में 1600 से अधिक अंकों की गिरावट दर्ज की गई। जबकि निफ्टी भी लगभग 450 अंकों तक लुढ़क गया। 

शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत होते ही सेंसेक्स में 1601 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। 1601 अंकों की गिरावट की वजह से सेंसेक्स 52,732 के स्तर पर आ गया। वहीं निफ्टी भी 447 अंक लुढ़क कर 15,798 के स्तर पर आ गया। निफ्टी 50 के केवल चार स्टॉक ही हरे निशान पर कारोबार कर रहे थे। 

पिछले कारोबारी हफ्ते के अंतिम दिन भी शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई थी। शुक्रवार को सेंसेक्स 769 अंक लुढ़ककर 54,333 अंक पर था। निफ्टी भी 1.53 फीसदी की गिरावट के साथ 16,245 के अंक पर था। कारोबारी हफ्ते के पहले दिन यानी आज भी जब शेयर बाजार खुला तो धड़ाम हो गया। 

शेयर बाजार में आई भारी गिरावट को रूस यूक्रेन युद्ध और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बढ़े कच्चे तेल के दामों को प्रमुख वजह माना जा रहा है। निवेशक तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर चिंतित हैं। जबकि भारत के पांच राज्यों के चुनावी परिणाम दस मार्च को आने वाले हैं। ऐसे में इस बात की प्रबल संभावना है कि परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद ही तेल की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल सकती है।